[banka][bleft]

जमुई में नक्सलियों ने दो भाइयों के खून से खेली होली, तीसरे ने ऐसे बचाई अपनी जान

बांका लाइव ब्यूरो (जमुई) : जमुई जिलान्तर्गत बरहट प्रखंड के पचेश्वरी गांव में शुक्रवार रात 2 बजे करीब 100 की संख्या में आए नक्सलियों ने दो ग्रामीणों की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जाता है कि रात करीब 2:00 बजे जब सभी ग्रामीण पचेश्वरी स्कूल में सोए हुए थे, तभी लगभग 100 की संख्या में आए नक्सलियों ने एक ही परिवार के 3 लोगों को टारगेट करते हुए उन्हें स्कूल से बाहर बुलाया।

जब वे नहीं निकले तो नक्सली दरवाजे को तोड़ते हुए अंदर घुस गए, जहां उन्होंने एक युवक मदन कोड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी।
इसके बाद नक्सलियों ने मदन कोड़ा के दूसरे भाई प्रमोद कौड़ा के कमरे का दरवाजा यह कहकर खुलवाया कि कुछ नहीं करेंगे लेकिन दरवाजा खोलते ही उन्होंने प्रमोद की भी गोली मारकर हत्या कर दी।

गनीमत रही कि इस दौरान मदन कोड़ा का तीसरा भाई रंजीत कोड़ा शौच के लिए बाहर गया हुआ था। जैसे ही उसने गांव में सैकड़ों की संख्या में नक्सलियों को देखा, वह वहां से भाग गया और इस तरह उसने अपनी जान बचाई। 

नक्सलियों की इस कार्रवाई के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। इसे लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा है। पुलिस भी इस मामले को लेकर अभी तक किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच पाई है। घटना को लेकर इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस की गतिविधि तेज हो गई है।
Post A Comment
  • Blogger Comment using Blogger
  • Facebook Comment using Facebook

No comments :