[banka][bleft]

भीषण आंधी ने फिर बरपाया बांका में कहर, बारिश ने दिलायी गर्मी से राहत

Banka weather

बांका LIVE डेस्क : भीषण आंधी ने बुधवार को एक बार फिर से बांका सहित जिलेभर में कहर बरपाया. हालांकि इस दौरान हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से सुकून भरी राहत दी. लेकिन आंधी का जो सख्त तेवर रहा, उसने बांका सहित जिले भर में भारी क्षति पहुंचाई. आंधी के दौरान सैकड़ों पेड़ धराशायी हो गए, जबकि दर्जनों घरों के छप्पर तेज आंधी में उड़ गए. पिछले 3 दिनों के दौरान यह दूसरा मौका है, जब बांका जिले में आंधी और बारिश ने आम जनजीवन को भारी क्षति पहुंचाई है.

बुधवार को दोपहर बाद एकाएक इस क्षेत्र में आई आंधी ने लोगों को संभलने तक का मौका नहीं दिया. आंधी आते ही लोग इधर-उधर दौड़ने- भागने लगे. हर तरफ भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई. बांका शहरी इलाके में हलांकि आंधी बहुत देर तक कायम नहीं रही, लेकिन जिले के रजौन, बाराहाट, बौंसी, पंजवारा, श्यामबाजार आदि इलाके में आंधी का तांडव काफी देर तक जारी रहा. इसके बाद बारिश शुरु हुई. आंधी ने आम की फसल को भारी क्षति पहुंचाई है. बिजली की संचरण लाइनों को भी आंधी के कारण भारी नुकसान पहुंचा है.

करीब 3 घंटे तक आंधी की वजह से जिले के अधिकांश क्षेत्रों में बिजली ठप रही. बांका शहरी क्षेत्र में इसके बाद बिजली आई जरूर, लेकिन संचरण लाइनों के दुरुस्त नहीं होने की वजह से बिजली की आंखमिचौनी जारी रही. उधर आंधी से पेड़ उखड़ कर सड़कों पर गिर जाने की वजह से जिले के कई मुख्य मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है. शंभूगंज के बंशीपुर गांव में आंधी से ताड़ का एक पेड़ उखड़कर एक मकान के ऊपर जा गिरा, जिससे मकान का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया. इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. ज्ञात हो कि 3 दिन पूर्व क्षेत्र में आई भीषण आंधी के दौरान विभिन्न घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई थी.
Banka Weather

Post A Comment
  • Blogger Comment using Blogger
  • Facebook Comment using Facebook

No comments :