[banka][bleft]

कलश स्थापना के साथ आरंभ हुआ वासंती नवरात्र, कायम हुआ श्रद्धा और भक्ति का माहौल



बांका लाइव डेस्क : वासंती नवरात्र आरंभ हो गया है। वैदिक मंत्रोच्चार और मार्कंडेय पुराण के श्लोकों के साथ यहां वासंतिक नवरात्र का हर एक पल देवीमय हो गया है। नवरात्रि के पहले दिन कलश पूजन एवं स्थापन विधि विधान के साथ संपन्न हुआ। कल नवरात्रि का आरंभ माता दुर्गा के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा आराधना के साथ हुआ। आज माता दुर्गा के द्वितीय स्वरूप देवी ब्रह्मचारिणी की पूजा हो रही है। बांका शहर सहित पूरे जिले में वासंती नवरात्र को लेकर संपूर्ण वातावरण धर्म और अध्यात्ममय हो गया है।
                         


बांका शहर के सुप्रसिद्ध बाबा भयहरण स्थान स्थित तारा मंदिर परिसर के वासंती दुर्गा मंदिर में पूरे विधि विधान के साथ कल कलश स्थापन एवं माता शैलपुत्री की पूजा आराधना की गई। पहले ही दिन से देवी मंडप में पूजा अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगने लगा है। यहां वासंती नवरात्रि के अंतिम 3 दिनों में भव्य मेला भी आयोजित होता है। इस मेले में भजन कीर्तन, नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य धार्मिक आयोजन भी होते हैं। इन आयोजनों को लेकर यहां तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।


बांका जिला मुख्यालय के अलावा आसपास के समुखिया मोड़ स्थित देवी मंडप, देवदा आदि स्थानों पर भी वासंती नवरात्रि के अवसर पर देवी दुर्गा की पूजा आराधना होती है। समुखिया मोड़ में देवी दुर्गा की प्रतिमा प्रतिष्ठापित कर पूजा आराधना की जाती है। यहां भी 3 दिनों का मेला लगता है। बांका जिले के अन्य हिस्सों में भी दर्जनों स्थानों पर चैती दुर्गा पूजा का आयोजन धूमधाम से किया जा रहा है। पड़ोस के भागलपुर जिला अंतर्गत शाहकुंड प्रखंड के भंडारवन गांव में पारंपरिक चैती दुर्गा पूजा मेले की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं। हर तरफ पूजा आराधना एवं दुर्गा सप्तशती के पाठ से वातावरण स्निग्ध और भक्तिमय हो गया है।
Post A Comment
  • Blogger Comment using Blogger
  • Facebook Comment using Facebook

No comments :