[banka][bleft]

बांका के धनकुंड में मिली युवक की लाश, प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका

Bankalive

बांका LIVE डेस्क : बांका जिले में कानून और व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह बिखर कर रह गई है. अपराधी और हत्यारे बेखौफ हैं. तभी तो इस जिले में संज्ञेय अपराधों और लाशों के मिलने का का सिलसिला जारी है. बांका जिले के धनकुंड थाना अंतर्गत कुसहा बहियार से एक युवक की लाश बरामद की गयी. मृत युवक की उम्र करीब 23 वर्ष है और उसकी हत्या गला दबा कर की गई है. धनकुंड पुलिस ने इसकी पुष्टि की.

ग्रामीणों ने सुबह लाश देखकर पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाश को अपने कब्जे में लिया और आरंभिक तौर पर इसे एक अज्ञात लाश मानते हुए पोस्टमार्टम के लिए लाश को बांका भेज दिया. हालांकि बाद में मृत युवक के एक हाथ में बंधे बैंड पर विकास कुमार लिखा देखने के बाद पुलिस ने इस युवक की शिनाख्त भागलपुर जिला अंतर्गत गोराडीह थाना क्षेत्र के गंगा करहरिया गांव निवासी विकास कुमार तांती के रूप में की. वह बैजनाथ तांती का पुत्र था और अपने ही गृह थाना क्षेत्र के जमीन गांव में एक व्यक्ति के यहां मजदूरी करता था.

धनकुंड थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पिछले दो दिनों से विकास अपने घर से लापता था. उन्होंने आशंका व्यक्त की कि यह मामला प्रेम प्रसंग में की गई हत्या का हो सकता है. मामले की रिपोर्ट भागलपुर पुलिस को भी दी गई है. थानाध्यक्ष ने बताया कि कहीं बाहर हत्या कर विकास की लाश छिपाने के उद्देश्य से धनकुंड थाना क्षेत्र में फेंक दी गयी. युवक की हत्या गला दबा कर किए जाने की आशंका उन्होंने व्यक्त की. लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि वास्तविक तथ्यों की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
Post A Comment
  • Blogger Comment using Blogger
  • Facebook Comment using Facebook

No comments :